पाकिस्तान - महिला ने एक साथ छह बच्चों को दिया जन्म..

फोटो dailymail.co.uk से साभार
इस्लामाबाद
पाकिस्तान की एक महिला साबिरा ने एक साथ छह बच्चों को जन्म दिया है। इनमें चार लड़कियां और दो लड़के हैं। साबिरा एक प्राइवेट क्लीनिक में रूटीन चेकअप के लिए आई थी, इसी दौरान लेबर पेन शुरू हो गया और उसने छह बच्चों को जन्म दिया।

डॉक्टर ने बताया कि सभी छह बच्चे स्वस्थ हैं और बच्चों को जन्म देने के बाद मां भी पूर्ण रूप से स्वस्थ है। मां और बच्चों को अच्छी मेडिकल सुविधा मुहैया कराने के लिए बड़े अस्पताल ले जाया गया है और कुछ ही दिनों में बच्चों समेत मां को हॉस्पिटल से छुट्टी भी मिल जाएगी।


ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी महिला ने एक साथ इतने बच्चों को जन्म दिया है। जनवरी की शुरुआत में, पंजाब के भांकर जिले में एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया था। इससे पहले 35 साल की महिला ने पाकिस्तान के पेशावर के खैबर टीचिंग हॉस्पिटल में एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया था, जिनमें तीन लड़कियां और दो लड़के थे।

डॉक्टर ने बताया कि महिला अकेले ही चेकअप कराने आई थी। उसका परिवार पाकिस्तान के नॉर्थ वजीरिस्तान के दत्ता खेल एरिया में रहता है। मामले की जानकारी के बाद उसके परिवार वालों को सीधे बन्नू जिले के कम्बाइंड मिलिट्री अस्पताल में बुलाया गया।

डॉक्टर ने बताया कि महिला अपने रूटीन चेकअप के लिए क्लीनिक आई थी, जहां उसे कुछ देर बाद दर्द महसूस होने लगा, जिसके बाद उसने छह बच्चों को जन्म दिया। सबिरा के दो बच्चे पहले से हैं, जिनकी उम्र 8 और 4 साल है।

Comments